Magazine

बीज विधेयक 2025: न खेती के हक में है, न किसान के भले के लिए है

बीज विधेयक 2025: न खेती के हक में है, न किसान के भले के लिए है

मोदी सरकार द्वारा लाये गए बीज विधेयक 2025 के मसौदे पर अखिल भारतीय किसान सभा ने नियत समय में अपनी राय और आपत्तियां केंद्र सरकार के सक्षम अधिकारी के समक्ष पेश कर दी हैं । भेजे गए पत्र का हिंदी पाठ यहाँ प्रस्तुत है :

 अखिल भारतीय किसान सभा पूरे देश के किसानों का एक संगठन है, जिसकी सदस्यता लगभग 1.6 करोड़ हैं।  1936 में गठित अखिल भारतीय किसान सभा की  भारत के 27 राज्यों में उपस्थिति है और यह किसानों  के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्षों में सबसे आगे रहा है।  बीज विधेयक, 2025 के मसौदे पर संगठन की राय और  टिप्पणियाँ मंत्रालय के समक्ष प्रस्तुत की जा रही हैं।

बीज का उत्पादन करने, उनका संरक्षण करने और आपस में उसकी अदला-बदली करने का अधिकार हमेशा से किसानों का एक ऐसा अधिकार माना गया है, जिस पर सवाल नहीं उठाया जा सकता। बीजों पर किसी भी कानून को किसानों द्वारा बीजों को उगाने, बोने, दोबारा बोने, बचाने, इस्तेमाल करने, अदला-बदली करने, बांटने या बेचने के बुनियादी अधिकारों की रक्षा करने वाला होना चाहिए। इसे एक ऐसे अधिकार के तौर पर सुरक्षित किया जाना चाहिए, जिसे छीना नहीं जा सकता।

बीज विधेयक, 2025 के मसौदे में बीजों और रोपण सामग्री के आयात को आसान बनाने और व्यापार करने में आसानी (‘ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस’) को बढ़ावा देने की बात कही गई है। 2023 के आंकड़ों के अनुसार,  पूरे विश्व में व्यावसायिक बीज बाजार का लगभग 56 प्रतिशत हिस्सा सिर्फ चार कृषि-व्यापार कंपनियों — बायर (23%), कोर्टेवा (19%), सिंजेंटा (10%) और बीएएसएफ (4%) के नियंत्रण में है। खेती में बढ़ते कॉर्पोरेट दबदबे और बीज बाज़ार में कुछ कंपनियों के एकाधिकार के ऐसे माहौल में, किसी भी बीज कानून को इस तरह की प्रवृत्तियों के खिलाफ काम करना चाहिए था और किसानों की सुरक्षा का लक्ष्य रखना चाहिए था।  ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस’ को प्राथमिकता देने के बजाय बीज की कीमतों के नियंत्रण पर ज़ोर देते हुए किफायती और गुणवत्ता वाले बीज/रोपण सामग्री  सुनिश्चित करने पर होनी चाहिए थी।

बीज कानूनों का असली मकसद यह था कि सरकार किसानों को सस्ती दरों पर अच्छी गुणवत्ता के बीज दे सके और उन्हें उद्योगों द्वारा बांटे जाने वाले खराब या नकली बीजों से बचाया जा सके। मसौदा विधेयक में इस दिशा में कुछ नहीं किया गया है। बीजों पर एकाधिकार, बहुत ज़्यादा कीमतों के साथ-साथ पैदावार के बारे में बढ़ा-चढ़ाकर किए गए दावों और नकली बीजों से फसल खराब होने के मामलों को देखते हुए, किसानों के अधिकारों की सुरक्षा की जरूरत है और प्रोटेक्शन ऑफ प्लांट वैरायटी एंड फॉर्मर्स राइट्स एक्ट के अनुसार व्यावसायिक बीजों को विनियमित करने के लिए एक कानून की ज़रूरत है। बौद्धिक संपदा अधिकार (इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स) या पेटेंट के ज़रिए बीजों या रोपण सामग्रियों पर विशिष्ट अधिकारों के लिए कोई प्रावधान नहीं होना चाहिए।

बीजों की कीमतों का नियमन एक ज़रूरी मुद्दा है, क्योंकि बीज सबसे महत्वपूर्ण कृषि आदानों (इनपुट) में से एक है और इसकी बहुत ज़्यादा कीमतें किसानों को परेशानी में डाल रही हैं। बीज विधेयक में कीमतों और रॉयल्टी के नियमन का कोई प्रावधान नहीं है। बीज एकाधिकारियों को कीमतें तय करने की पूरी छूट मिल गई है। मुनाफाखोर मूल्य निर्धारण और एकाधिकार मूल्य निर्धारण को रोका नहीं गया है (इसे प्रतिस्पर्धा अधिनियम, 2002 के दायरे में नहीं लाया गया है)। अखिल भारतीय किसान सभा की मांग है कि बीज विधेयक में साफ तौर पर कहा जाना चाहिए कि यह अपने उद्देश्यों में व्यावसायिक बीजों के विक्रय मूल्य का नियमन करेगा और कीमतों को तय करने और रॉयल्टी को विनियमित करने के लिए एक निकाय स्थापित किया जाना चाहिए। विधेयक में साफ तौर पर कहा जाना चाहिए कि “यह अधिनियम सुरक्षित, किफायती, गुणवत्ता वाले बीज और रोपण सामग्री तक पहुंच के अधिकार की गारंटी देगा। किफायती कीमतों को सुनिश्चित करने के लिए व्यावसायिक बीजों के विक्रय मूल्यों को एक वैधानिक निकाय के माध्यम से विनियमित किया जाएगा।” अध्याय V धारा 22, जो आपातकालीन स्थिति में विक्रय मूल्य के विनियमन की बात करती है, वह अपर्याप्त है और एक उचित मूल्य विनियमन तंत्र की आवश्यकता है। मूल्य निर्धारण के बिना कृत्रिम कमी, कीमतों में असामान्य वृद्धि, एकाधिकार मूल्य निर्धारण या मुनाफाखोरी को रोका नहीं जा सकता है।

नकली या खराब गुणवत्ता के बीज, जो अंकुरित नहीं होते, की बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई करके किसानों के हितों की रक्षा की जानी चाहिए। धारा 6 में बीज की गुणवत्ता, अंकुरण, बीज की सुरक्षा, बीज के स्वास्थ्य और भौतिक शुद्धता के बारे में साफ-साफ बताया जाना चाहिए। अगर अंकुरण 80 प्रतिशत से कम हो और शुद्धता में कमी हो, तो सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। कंपनी का लाइसेंस तुरंत रद्द किया जाना चाहिए और उसे काली सूची में डाला जाना चाहिए, साथ ही भारी जुर्माना और किसानों को मुआवजा जैसे दंडात्मक उपाय भी किए जाने चाहिए। किसानों को दिए जाने वाले मुआवजे में खेती में हुए खर्च के साथ-साथ सामान्य फसल में संभावित पैदावार की कीमत को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। प्रमाणन एजेंसी भी मुआवजा देने के लिए जिम्मेदार होनी चाहिए और धोखाधड़ी वाले दावों के मामले में उनका लाइसेंस भी रद्द कर दिया जाना चाहिए। गलती करने वाली कंपनी के साथ-साथ व्यापारी/डीलर को भी जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। किसान को अगले सीजन से पहले बिना किसी मुश्किल प्रक्रिया के मुआवजा मिलना चाहिए। मुआवजा विशेष रूप से गठित एक मध्यस्थता न्यायाधिकरण/मुआवजा समिति द्वारा तय किया जा सकता है, जो आसानी से उपलब्ध हो और विकासखंड स्तर पर मौजूद हो।

राज्य और केंद्रीय बीज समितियों में कम से कम 3 किसान होने चाहिए, जिनमें से कम-से-कम एक महिला होनी चाहिए। किसानों के संगठनों के प्रतिनिधियों को भी समिति में शामिल किया जाना चाहिए और संबंधित धारा  में इस बात का स्पष्ट ज़िक्र होना चाहिए। केंद्रीय बीज समिति में सभी राज्य सरकारों के प्रतिनिधि होने चाहिए, न कि सिर्फ़ हर भौगोलिक क्षेत्र से चक्रानुक्रम (रोटेशन) के आधार पर एक। अगर सभी राज्यों का प्रतिनिधित्व नहीं होता है, तो यह संघीय सिद्धांतों का उल्लंघन होगा। इसी वजह से इस मामले पर विचार किया गया था और इसे 1966 के बीज अधिनियम में शामिल किया गया था। बीज विधेयक के ज़रिए बीज की कीमतें तय करने और किसी भी प्रौद्योगिकी सब-लाइसेंसिंग समझौते के लिए लागू रॉयल्टी में राज्यों की बात सुनी जानी चाहिए और उन्हें कुछ अधिकार मिलना चाहिए। 1983 के बीज नियंत्रण आदेश के तहत राज्य की सभी शक्तियाँ, जिसमें ‘बीज वितरित करने की शक्ति’ भी शामिल है, सुरक्षित रहनी चाहिए। सभी बीज उत्पादन, प्रसंस्करण, भंडारण, वितरण और बिक्री की अधिकारिता एक अनिवार्य लाइसेंसिंग प्रणाली के ज़रिए राज्य सरकार के पास होनी चाहिए।

विधेयक की धारा 40 में किसी भी व्यक्ति या चीज़ के खिलाफ़ कोई मुकदमा, अभियोजन या दूसरी कानूनी कार्रवाई की इजाज़त नहीं है, अगर वह इस एक्ट के तहत “अच्छी भावना” से किया गया हो या करने का इरादा रखता हो। अगर कोई बीज, किए गए दावे के अनुसार, काम नहीं करता है, तो कंपनी इस धारा का सहारा लेकर बच सकती है। अखिल भारतीय किसान सभा को लगता है कि “अच्छी भावना” का दायरा बढ़ाकर कसूरवारों को किसी भी सज़ा से छूट दी जा सकती है, इसलिए इस प्रावधान को हटा देना चाहिए।

अध्याय 5 की धारा 27 के तहत भारत के बाहर के इलाकों में बीज प्रमाणीकरण एजेंसियों को मान्यता देने की व्यवस्था को खत्म कर देना चाहिए। जो बीज भारत के बाहर अलग-अलग कृषि-जलवायु क्षेत्रों में काम करते हैं, उन्हें आयात करने पर भी बहु-स्थानिक परीक्षण के बाद ही प्रमाणीकृत किया जा सकता है और यह काम राज्य की खास ज़रूरतों के हिसाब से सार्वजनिक क्षेत्र की एजेंसियों द्वारा किया जाना चाहिए। आयातित बीजों से संबंधित अध्याय 8 धारा 33 में यह साफ होना चाहिए कि जैव-सुरक्षा चिंताओं को दूर करने के लिए एक सक्षम प्राधिकरण द्वारा कड़े टेस्ट ज़रूरी होने चाहिए। किसी भी तरह के स्व-प्रमाणीकरण की अनुमति नहीं होना चाहिए।

डीलर लाइसेंस सिर्फ़ उन्हीं लोगों को जारी किया जाना चाहिए, जिनके पास व्यावसायिक प्रशिक्षण और शैक्षणिक योग्यता हो। फार्मास्यूटिकल्स के मामले की तरह ही, प्रशिक्षित लोगों को समय-सीमा के अंदर डीलरशिप दिया जाना अनिवार्य बनाया जाए। अध्याय IV में यह साफ़ तौर पर बताया जाना चाहिए। पुराने, नकली बीज बेचने वाले डीलरों के खिलाफ़ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, जिसमें डीलरशिप रद्द करना, हुए नुकसान के हिसाब से जुर्माना और जेल शामिल हो। हालांकि कंपनियाँ इस अपराध के लिए ज़्यादा हद तक ज़िम्मेदार हों, लेकिन गलत काम करने वाले डीलरों पर भी नज़र रखी जानी चाहिए। झूठा प्रमाणन देने में शामिल अधिकारियों, विश्लेषकों और गुणवत्ता परीक्षण  अधिकारियों को भी कड़ी कार्रवाई का सामना करना चाहिए।

सहभागिता से बीज/पौधे विकसित करने वालों, किसानों की सहकारी समितियों, महिला स्वयं सहायता समूहों, कुदुम्बश्री और सामुदायिक बीज बैंकों को प्रोत्साहन और बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

अखिल भारतीय किसान सभा आपसे अनुरोध करती है कि हमें बाद में किसी तारीख पर समय दें, जब हम संसद द्वारा ज़रूरी प्रारूप में संशोधन पेश कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *