Magazine
आओ क्यूबा का वो शुरक्षा कवच बनें जिसे साम्राज्यवाद तोड़ न सके!
10 से 17 अगस्त 2026 तक किसान सभा के महासचिव विजू कृष्णन, जनवादी महिल समिति की अध्यक्ष श्रीमती टीचर, सीटू की सचिव मीनाक्षी सुंदरम, खेत मजदूर यूनियन के महासचिव बी. वेंकट व संयुक्त सचिव एन. चंद्रन, बीमा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष धर्मराज महापात्र और बैंक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष एस. एस. अनिल सहित एक प्रतिनिधिमंडल ने क्यूबा का दौरा किया। यह प्रतिनिधि मंडल हवाना में फिदेल कास्त्रो की जन्म शताब्दी के अवसर पर आयोजित चार दिवसीय कार्यक्रम ‘प्रथम अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी: फिदेल, विरासत और भविष्य’में शामिल हुआ। प्रतिनिधिमंडल ने इसके अतिरिक्त तीन दिन विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों का दौरा करने और आम लोगों, श्रमिकों, किसानों तथा क्यूबाई इंस्टीट्यूट फॉर फ्रेंडशिप विद पीपल्स (आईसीएपी) के साथ बैठकें करने में बिताए।
नरसंहार को रोकने के लिए, आशा की किरण दिखता संघर्षरत क्यूबा
प्रतिनिधिमंडल 9 अगस्त की सुबह नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुआ और 10 अगस्त की सुबह सवेरे हवाना के जोस मार्ती अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुँचा। प्रतिनिधिमंडल अपने साथ कैंसर और हृदय रोगों की दवाइयों के डब्बे लेकर गया था। प्रतिनिधिमंडल इस प्रयास की अपर्याप्तता से पूरी तरह परिचित था, फिर भी इस बात को समझता था कि यह एकजुटता का महत्वपूर्ण संकेत है।क्यूबा ने अपने लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराई है और उसके डॉक्टरों ने दुनिया के अनेक देशों में संघर्षग्रस्त क्षेत्रों तथा प्राकृतिक आपदाओं या संक्रामक बीमारियों से प्रभावित स्थानों पर निस्वार्थ सेवा की है, जिसमें कोविड-19 महामारी के दौरान उनकी भूमिका भी शामिल है। इसके बावजूद क्यूबा को अमेरिकी साम्राज्यवाद की ओर से एक ऐसे नाकेबंदी का सामना करना पड़ रहा है, जो तेल, भोजन, जीवनरक्षक दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति को बाधित करता है। कैरिबियाई क्षेत्र के विभिन्न देशों के बंदरगाहों पर क्यूबा के लिए भेजी गई सहायता ले जाने वाले 700 से अधिक जहाज नाकेबंदी के कारण फँसे हुए हैं। दस महीने से भी अधिक समय हो चुका है जब तेल लेकर कोई जहाज क्यूबा पहुँच पाया हो।
क्यूबा के खिलाफ नाकेबंदी, जो अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के मूल सिद्धांतों का उल्लंघन करती है, क्रांति के लगभग तुरंत बाद शुरू कर दी गई थी। अमेरिकी विदेश विभाग के उप सहायक सचिव लेस्टर मैलोरी ने 6 अप्रैल 1960 को तैयार किए गए एक आंतरिक ज्ञापन में अपने इरादों को स्पष्ट रूप से व्यक्त किया था:
“(…) क्यूबा के आर्थिक जीवन को कमजोर करने के लिए हर संभव उपाय तुरंत किए जाने चाहिए (…) ऐसी कार्रवाई की दिशा में बढ़ना चाहिए जो यथासंभव चालाकी भरी और अदृश्य हो, लेकिन क्यूबा को धन और आपूर्ति से वंचित करने में अधिकतम प्रभावित करे, मौद्रिक और वास्तविक मजदूरी को कम करे तथा भूख, निराशा पैदा करके सरकार को उखाड़ फेंके।”

1996 के हेल्म्स-बर्टन अधिनियम ने व्यापार प्रतिबंध को कानूनी रूप से स्थापित किया और क्यूबा के साथ व्यापार करने वाली कंपनियों, जिनमें शिपिंग कंपनियाँ भी शामिल थीं, पर दंडात्मक प्रावधान लगाए। ट्रम्प शासन के दौरान हमले और तेज हुए और इसने अभूतपूर्व मानवीय संकट की स्थिति पैदा कर दी। क्यूबा पर थोपी गई यह नौसैनिक नाकेबंदी युद्ध की कार्रवाई और नरसंहार के समान है, जो लाखों लोगों के जीवन और आजीविका को खतरे में डाल रही है।
क्यूबा लगभग सात दशकों से साम्राज्यवादी नाकेबंदी का सामना करते हुए जीवित रहा है। सोवियत संघ के पतन के बाद भी लगभग चार दशकों तक उसने अमेरिकी साम्राज्यवाद के सामने अपना प्रतिरोध जारी रखा है। लेकिन वर्तमान स्थिति पहले से कहीं अधिक गंभीर है। इसके लिए दुनिया भर से सबसे दृढ़ और व्यापक एकजुटता की आवश्यकता है।
प्रतिनिधिमंडल को जल्द ही तेल और ऊर्जा की नाकेबंदी के प्रभाव का प्रत्यक्ष अनुभव हुआ। हवाई अड्डा दुनिया के अन्य हवाई अड्डों की तरह चमकदार रोशनी से जगमगा नहीं रहा था। होटल तक जाने वाले रास्ते में भी कभी-कभार दिखाई देने वाली रोशनी के अलावा लगभग अंधकार जैसा वातावरण था।
रहने के स्थान पर पहुँचने पर प्रतिनिधिमंडल ने पाया कि न बिजली थी और न ही नल का पानी। प्रत्येक प्रतिनिधि को पानी की दो बोतलें दी गईं और पानी लेने के लिए पहली या दूसरी मंजिल तक जाना पड़ा। हालाँकि उसी दिन समस्या का समाधान हो गया, लेकिन इससे अंदाजा लगाया जा सकता था कि गर्म और आर्द्र मौसम में महीनों तक आम क्यूबाई लोगों के लिए ऐसी स्थिति का क्या अर्थ होगा।वे 20 घंटे या उससे अधिक समय तक चलने वाली भीषण बिजली कटौती झेल रहे हैं। यह स्थिति तब है जब देश अपने ताप विद्युत संयंत्रों में 1,400 मेगावाट की क्षमता बहाल करने में सफल रहा है। नाकेबंदी के कारण उत्पन्न गंभीर ईंधन संकट ताप विद्युत संयंत्रों को पूरी क्षमता से चलाने में बाधा डाल रहा है। यदि अमेरिका द्वारा जानबूझकर ईंधन की ऐसी कमी पैदा नहीं की गई होती, तो पूरे क्यूबा में बिजली कटौती घटकर मुश्किल से तीन घंटे नहीं रह जाती। सौर ऊर्जा के विस्तार में चीन की सहायता महत्वपूर्ण है, लेकिन ताप विद्युत संयंत्रों से होने वाली कमी को पूरा करने के लिए वह अभी पर्याप्त नहीं है।
फिदेल की विरासत आज भी जीवित है
प्रतिनिधिमंडल जल्द ही अमानवीय साम्राज्यवादी नाकेबंदी से उत्पन्न स्थिति को समझते हुए ‘प्रथम अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी: फिदेल, विरासत और भविष्य’के आयोजन स्थल पर पहुँचा।इस कार्यक्रम में फिदेल कास्त्रो रुज़ चेयर्स की बैठकें, क्यूबाई क्रांति पर एक संगोष्ठी तथा युवा, संसदीय और महिला मंच शामिल थे। इसमें मुख्य भाषण, विषयगत प्रस्तुतियाँ, गोलमेज चर्चाएँ, शोध-पत्र प्रस्तुतियाँ, पुस्तकों का विमोचन और वृत्तचित्रों का प्रदर्शन हुआ।उद्घाटन सत्र को क्यूबा की कम्युनिस्ट पार्टी के प्रथम सचिव और क्यूबा के राष्ट्रपति मिगेल दियाज़-कानेल ने संबोधित किया। विभिन्न देशों से आए नेताओं ने भी क्यूबा और उसके लोगों के साथ पूर्ण एकजुटता व्यक्त की और अमेरिकी साम्राज्यवाद तथा उसके सहयोगियों को स्पष्ट संदेश दिया।
मिगेल दियाज़-कानेल ने बताया कि क्यूबा ने ऐसी विपरीत परिस्थितियों का सामना कैसे किया? उन्होंने कहा कि हमने ठीक उसी तरह प्रतिक्रिया दी, जैसा फिदेल ने हमें सिखाया था—रचनात्मक और दृढ़ प्रतिरोध के माध्यम से। हमने महामारी का सामना पूरी संप्रभुता के साथ करने के लिए अपने स्वदेशी टीके विकसित किए। ईंधन और रासायनिक उर्वरकों की कमी से निपटने के लिए हमने शहरी और ग्रामीण कृषि-पारिस्थितिक खेती के मॉडल का विस्तार किया। हथियारों और लड़ाकू विमानों से आगे बढ़कर हमने अपनी लोकप्रिय रक्षा पंक्तियों को मजबूत किया, जिन्हें दृढ़ विश्वास और एकता ने मजबूत किया। हमारे वैज्ञानिकों, शिक्षकों, डॉक्टरों, किसानों और श्रमिकों ने साबित किया कि सामूहिक मानवीय प्रतिभा साम्राज्यवादी संपदा से कहीं अधिक शक्तिशाली है।सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हमने कभी अपने अंतरराष्ट्रीयतावाद को नहीं छोड़ा। हम आज भी दुनिया के सबसे गरीब क्षेत्रों में चिकित्सा दल भेजते हैं; अपनी शैक्षणिक और वैज्ञानिक पद्धतियों को साझा करते हैं; और एक ऐसा द्वीप बने हुए हैं जो एकजुटता के पुल बनाता है।हाँ, हम गंभीर भौतिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं—बिजली कटौती, पानी की कमी, महँगाई और लंबी-लंबी कतारें हमारे लोगों पर भारी पड़ रही हैं। लेकिन कोई भी भौतिक अभाव क्यूबा के लोगों के भीतर जल रही एकजुटता की लौ को बुझा नहीं पाया है। हम समाजवादी सिद्धांतों से समझौता किए बिना और बाहरे दबाव के आगे झुके बिना आगे बढ़ रहे हैं। हमारा उद्देश्य इस छोटे से द्वीप पर समाजवाद का निर्माण करना है, जिसका सामना दुनिया की सबसे बड़ी साम्राज्यवादी शक्ति से है।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल को राष्ट्रपति के साथ-साथ ‘क्यूबन फाइव’ में से एक, जेरार्डो हर्नांडेज़ से भी मिलने का मौका मिला; वे ‘वॉस्प नेटवर्क’ के नेता थे और उन्होंने अमेरिकी जेलों में सोलह साल बिताए थे।वर्तमान में वेक्रांति की रक्षा समिति (कमेटी फॉर द डिफेंस ऑफ द रिवोल्यूशन)के राष्ट्रीय संयोजक का महत्वपूर्ण पद संभाल रहे है हैं। क्रांति की रक्षा समितिजनता के राजनीतिकरण और साम्राज्यवाद-विरोधी चेतना के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण कार्यकर रहा है।चे ग्वेरा की बेटीअलीदा ग्वेरा, जो भारत में भी परिचित नाम हैं, के साथ भी प्रतिनिधिमंडल की बातचीत हुई।
11 अगस्त को क्यूबा के नेशनल थिएटर में एक संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रसिद्ध कलाकार और पियानोवादक फ्रैंक फर्नांदेज़ तथा नेशनल सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा ने क्यूबाई संगीत परंपराओं को शास्त्रीय संगीत शैलियों के साथ मिलाकर फिदेल की जन्म शताब्दी का उत्सव मनाया।संगोष्ठी का समापन समारोह 13 अगस्त को कार्ल मार्क्स थिएटर में हुआ। यह एक ऐतिहासिक अवसर था, जिसमें कॉमरेड राउल कास्त्रो भी उपस्थित रहे। हवाना का ऐतिहासिक कार्ल मार्क्स थिएटर इतिहास के एक और क्रांतिकारी पड़ाव का साक्षी बना—फिदेल कास्त्रो की जन्म शताब्दीऔर प्रथम अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी ‘फिदेल, विरासत और भविष्य’ के समापन का एक अविस्मरणीय अवसर।
फिदेल कास्त्रो रुज़ संग्रहालय की यात्रा ने हमें यह भी दिखाया कि आम लोगों, यहाँ तक कि बच्चों के मन में भी फिदेल कितने जीवंत हैं। हमारे लिए यह सुखद आश्चर्य था कि 6 से 14 वर्ष की आयु के बच्चे विभिन्न पैनलों और प्रदर्शित वस्तुओं केबारे में इतनी स्पष्टता और गहराई से समझा रहे थे, जैसी कई वर्षों से इतिहास का अध्ययन करने वाले अच्छे इतिहासकारों में देखने को मिलती है।
क्रांति चौक (प्लाज़ा दे ला रिवोलूसियोन जोसे मार्ती) की यात्रा भी अत्यंत प्रेरणादायक रही। वहाँ महान क्यूबाई क्रांतिकारी जोसे मार्ती का विशाल स्मारक है, जिसके सामने चे ग्वेरा और कामिलो सिएनफुएगोस की विशाल इस्पाती आकृतियाँ तथा “हस्त ला विक्टोरिया सिएमप्रे” (विजय तक, सदैव संघर्ष)का नारा अंकित है।क्रांति संग्रहालय, जिसमें वह नावग्रानमाभी है जो फिदेल और अन्य क्रांतिकारियों को क्यूबा लेकर आई थी, तथा चे ग्वेरा गैरीसन की यात्रा भी अत्यंत प्रेरणादायक रही। हालाँकि एक उल्लेखनीय बात, जिससेकुछ कमी का अनुभव हुआ, वह थी व्यापक जन-एकत्रीकरण का अभाव।
जीवनरक्षक दवाइयों के साथ अंतरराष्ट्रीय एकजुटता मिशन
प्रतिनिधिमंडल के सामनेएक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी थी। उसे सीपीई(एम)और सीपीईद्वारा संयुक्त रूप से एकत्र की गई दवाइयाँ दो महत्वपूर्ण संस्थानों को सौंपनी थीं—हवाना स्थितनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ऑन्कोलॉजी एंड रेडियोबायोलॉजीके बाल कैंसर विभाग तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड कार्डियोवैस्कुलर सर्जरी को।प्रतिनिधिमंडल ने यह भी देखा कि यूरोप और लैटिन अमेरिका से आए अन्य प्रतिनिधिमंडल भीदवाइयों का योगदान कर रहे थे।दोनों संस्थान अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्टता के केंद्र हैं।
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ऑन्कोलॉजी एंड रेडियोबायोलॉजीवर्ष 1995 से अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा सेवाएँ प्रदान कर रहा है और अमेरिका के विभिन्न देशों—अमेरिका, कनाडा, मैक्सिको, वेनेज़ुएला—तथा यूरोप सहित 52 से अधिक देशों के मरीजों को आकर्षित कर चुका है। यहफेफड़ों के कैंसर के उपचार तथासिमावैक्सऔरवैक्सिराजैसे एंटी-ट्यूमर टीकों के लिए जाना जाता है।इस यात्रा ने हमें क्यूबा की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था की प्रत्यक्ष झलक दी—एक ऐसी व्यवस्था जो अत्यंत कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी प्रतिबद्धता बनाए हुए है। चौदह से अधिक विशिष्ट विभागों, जिनमें बाल कैंसर विभागभी शामिल है, के माध्यम से यह सर्वोच्च संस्थान अपने मरीजों को पूरी तरह निःशुल्क और व्यापक चिकित्सा सुविधा प्रदान करता है।नवजात शिशुओं की व्यवस्थित स्क्रीनिंग और एचपीवी टीकाकरण जैसे सक्रिय निवारक उपायों के माध्यम से क्यूबाई स्वास्थ्य व्यवस्था बीमारी की शुरुआती पहचान में सक्षम रही है।हालाँकि, संस्थान के निदेशक डॉ. लुइस एडुआर्डो रोड्रिगेज़ और उनकी टीम ने गहरे दुख के साथ बताया कि आवश्यक दवाइयों की गंभीर कमी के कारण, जो आर्थिक नाकेबंदी से पैदा हुई है, कैंसर पीड़ित बच्चों के जीवित रहने की दरपहले के 85 प्रतिशत से घटकर 65 प्रतिशत रह गई है।प्रतिनिधिमंडल कैंसर रोगियों के उपचार के लिए दवाइयों के कार्टन लेकर गया था। इनमें कुछ ऐसी शीशियाँ भी थीं जिन्हें बर्फ से भरे बॉक्स में सावधानीपूर्वक ले जाना पड़ा।
हम यह देख सकते थे कि अमेरिकी साम्राज्यवाद की अमानवीय नाकेबंदी क्यूबा की स्वास्थ्य व्यवस्था को किस तरह प्रभावित कर रही है।क्यूबा दुनिया भर मेंहेनरी रीव मेडिकल ब्रिगेडके डॉक्टरों के लिए जाना जाता है, जिन्होंने मलेरिया, इबोला, कोविड-19 जैसी बीमारियों के प्रकोप या प्राकृतिक आपदाओं के दौरान कमजोर देशों में पहुँचकर अपनी जान जोखिम में डालकर सेवा की। आज वही क्यूबा अमेरिका द्वारा गला घोंटने वाली नाकेबंदी का सामना कर रहा है।बाल चिकित्सा विभाग में 26 मरीज थे। दवाइयों के लिए कच्चे माल की कमी, मित्र देशों से बड़ी मात्रा में दवाइयों की खेप प्राप्त करने में असमर्थताऔर बिजली कटौती का भारी मानवीय असर पड़ रहा है।डॉक्टरों ने हमें बताया कि शिशु मृत्यु दर, जो पहले 4 प्रति 1,000 जीवित जन्म थी, बढ़कर 9.8 प्रति 1,000 जीवित जन्म हो गई है।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने कार्डियोलॉजी संस्थान का दौरा किया। यह वैज्ञानिक उत्कृष्टता की लगभग 60 वर्ष पुरानी विरासत वाला एक प्रमुख अनुसंधान और उपचार केंद्रहै।क्यूबा में एंजियोप्लास्टी और 3डी इकोकार्डियोग्राफी के क्षेत्र में अग्रणी यह संस्थान हृदय-वाहिका सर्जरी आईसीयूऔर कार्डियक कैथेटराइजेशन लैब सहित अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है।हालाँकि सभी नागरिकों को व्यापक हृदय संबंधी जाँच और उपचार पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है, लेकिन नाकेबंदी के कारण पेसमेकर, दवाइयों और विशेष शल्य चिकित्सा उपकरणों की कमी एक बड़ी चुनौती बनीहुई है। सीपीई(एम)और सीपीईद्वारा एकत्र की गई दवाइयों के कार्टन, जिनमें रक्त को पतला करने वाली दवाइयाँ भी शामिल थीं, संस्थान को सौंपे गए।
मेडेसिन्स सैन्स फ्रंटियर्स (डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स) की उदारवादी दुनिया द्वारा काफी प्रशंसा की जाती है, लेकिन जब क्यूबा के ‘हेनरी रीव’ मेडिकल ब्रिगेड को विभिन्न देशों में अमेरिकी अधिकारियों द्वारा उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है, तो वे मूक सहमति के साथ चुप रहते हैं; उन देशों के सहायता कार्यकर्ताओं के साथ-साथ मंत्रियों और स्वास्थ्य अधिकारियों को भी परेशान किया जा रहा है। लेकिन फिर, जो लोग गाजा में नरसंहार के लिए जिम्मेदार हैं, जिन्होंने घरों, अस्पतालों और स्कूलों पर बमबारी होने और डॉक्टरों के मारे जाने पर चुप्पी साधे रखी, उन्हें इस तरह के उत्पीड़न या समाजवादी क्यूबा पर एक मूक नरसंहार थोपने में कोई हिचक नहीं होगी।
क्यूबाई इंस्टीट्यूट ऑफ फ्रेंडशिप विद पीपल्स की यात्रा
जिस दिन प्रतिनिधिमंडल नेक्यूबाई इंस्टीट्यूट ऑफ फ्रेंडशिप विद पीपल्स (आईसीएपी) का दौरा किया, उसी दिन हमने मार्को रुबियो की एक पोस्ट देखी, जिसमें उन्होंनेआईसीएपीको “कट्टरपंथी वामपंथी उग्रवाद और संयुक्त राज्य अमेरिका में विध्वंसक विदेशी प्रभाव का माध्यम” बताया था। उन्होंने इसके अध्यक्ष फर्नांडो गोंजालेज़ योर्ट, प्रथम उपाध्यक्ष नोएमी रामोना रबाज़ा फर्नांदेज़ और लेइमा मार्तिनेज़ फ्रेरे पर प्रतिबंध भी लगाए थे।हमारे प्रतिनिधिमंडल ने प्रथम उपाध्यक्ष से मुलाकात की और क्यूबाई जनता तथा अमेरिकीसाम्राज्यवाद के खिलाफ उनके दृढ़ प्रतिरोध के प्रति एकजुटता व्यक्त की। आईसीएपीछह दशकों से अधिक समय से मित्रता, अंतरराष्ट्रीय एकजुटता, न्याय और शांति को बढ़ावा देने वाली विश्व-प्रसिद्ध संस्था है।
आईसीएपीके नेतृत्व पर लगाए गए प्रतिबंधों के साथ-साथ क्यूबाई कंपनियों पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं, जिसका उद्देश्य जानबूझकर अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुँचाना और क्यूबाई सरकार को जनताके लिए बुनियादी सेवाएँ सुनिश्चित करने से रोकना है—जबकि नाकेबंदी के कारण स्थिति पहले से ही गंभीर है। आईसीएपीदुनिया भर के लोगों के साथ एकजुटता और मित्रता के पुल बनाने का कार्य कर रहा है, जो अंतरराष्ट्रीयतावादकी सच्ची भावना को दर्शाता है। आईसीएपीकी उपाध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा:“क्रांति ने नरसंहारकारी नाकेबंदी के दौरान कमजोर लोगों को कभी नहीं भुलाया।”हवानाकी सड़कों पर चलते हुए यह महसूस होता है कि यह अंतरराष्ट्रीयतावादी चेतना केवल राजनीतिक भाषणों तक सीमित नहीं है; यह आम लोगों के दैनिक जीवन में भी बुनी हुई है।
आर्थिक कठिनाई, पलायन और किसान
2021 से जारी आर्थिक कठिनाइयों, भोजन और ईंधन की कमी तथा तेज़ महँगाई ने क्यूबा के इतिहास में सबसे बड़े सामूहिक पलायन को जन्म दियाहै।हाल के अंतरराष्ट्रीय अध्ययनों के अनुसार, 18 लाख से अधिक लोग देश छोड़ चुके हैं—जो क्यूबा की कुल आबादी का लगभग 15 से 18 प्रतिशत है। इनमें बड़ी संख्या में लोग संयुक्त राज्य अमेरिकागए, जबकि बड़ी संख्या में लोग स्पेन और विभिन्न लैटिन अमेरिकी देशों में भी गए।हवाना की अनेक सड़कों पर घरों के फाटकों पर लटकते जंगलगे ताले इस बड़े पैमाने पर हुए पलायन की मौन गवाही देते हैं।प्रतिनिधिमंडल ने ओल्ड हवाना में गरीबी और असमानता के गंभीर मामले भी देखे। क्यूबा की पिछली यात्राओं के पुराने विवरणों से यह स्पष्ट था कि पहले बच्चों और बुजुर्गों को इस तरह भोजन या पैसे के लिए बाहर निकलते देखना आम नहीं था। शहरी असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों ने अपनी बेहद कम आय के बारे में बताया और कहा कि उन्हें अक्सर भूखे पेट सोना पड़ता है।यहाँ तक किबोदेगा—राज्य द्वारा सब्सिडी प्राप्त पड़ोस की राशन दुकानें, जहाँ लोगों को हर महीने निर्धारित खाद्य सामग्री मिलती है—भी पर्याप्त स्टॉक की कमी से जूझ रही थी।
हवाना की जर्जर सड़कोंपर हमने जो देखा, वह केवल ठहराव नहीं था, बल्कि आर्थिक नाकेबंदी का भारी बोझ उठाते हुए एक जनता के जीवित रहने का संघर्ष था।क्रांति संग्रहालय के पास, ओल्ड हवाना की सड़कों पर और यहाँ तक कि होटलों में भी बुजुर्गों और बच्चों सहित असहाय लोगों को भीख माँगते देखना; संगोष्ठी में शामिल लोगों को भोजन के पैकेट अपने घर ले जाते देखना—इन दृश्यों ने राजधानी के नागरिकों की गरीबी और रोजमर्रा की कठिनाइयों को स्पष्ट रूप सेसामने रखा।गंभीर कमी के बावजूद लोग दृढ़ विश्वास के साथ कहते हैं कि उनकी कठिनाइयों का कारण उनकी सरकार नहीं, बल्कि अमेरिका द्वारा लगाई गई अमानवीय औरदशकों पुरानी नाकेबंदी है, जिसका उद्देश्यआर्थिक रूप से उनका गला घोंटना है।सभी आयु वर्ग के लोगों में राजनीतिक समझ दिखाई देती है, जो राजनीतिक शिक्षा सेविकसित हुई है। उनकी साम्राज्यवाद-विरोधी चेतना स्पष्ट थी। यही चेतना क्यूबा को दुनिया के सामने मजबूती से खड़े रहने में मदद कर रही है।अंतहीन प्रतिबंधों और संकटों के बावजूद ऐसे लोग, जो अपने आदर्शों का एक इंच भी त्याग करने को तैयार नहीं हैं, पराजित होने के लिए तैयार नहीं हैं।
प्रतिनिधिमंडल नेएएनएपी (नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्मॉल फार्मर्स)औरएफसीएम (फेडरेशन ऑफ क्यूबन वीमेन)से मिलने की योजना बनाई थी। लेकिन उनके अत्यंत व्यस्त कार्यक्रमों के कारण ये बैठकें नहीं को पीई।इसके स्थान पर एक कृषि गाँव की यात्रा को कार्यक्रम में शामिल किया गया।इससे एएनएपीसे जुड़े किसानों से सीधे बातचीत करने का अवसर मिला।प्रतिनिधिमंडल ने हवाना से लगभग 200 किलोमीटर दूर पिनार डेल रियो प्रांत की वीन्यालेस घाटी की यात्रा की। वीन्यालेस घाटी एक यूनेस्कोविश्व धरोहर स्थल है, जो पारंपरिक खेती, तंबाकू के खेतों और चूना-पत्थर की पहाड़ियों से घिरी अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है।
प्रतिनिधिमंडल ने पीढ़ियों से तंबाकू की खेती करने वाले और अपने उच्च गुणवत्ता वाले सिगारों केलिए प्रसिद्ध एक परिवार से मुलाकात की।किसान एएनएपीके सदस्य थे और उन्होंने नाकेबंदी के कारण सामने आ रही समस्याओं के बारे में बताया।किसान सर्जियो ने बताया कि सरकार एएनएपीके माध्यम से किसानों को तंबाकू के बीज उपलब्ध कराती है। उन्होंने बताया कि ईंधन और स्पेयर पार्ट्स की कमी ने उन्हें खेतों की जुताई के लिए फिर से बैलों और अन्य बोझा ढोनेवाले पशुओं का इस्तेमाल करने के लिए मजबूर कर दियाहै।2023 में खाद्य और कृषि संगठन (एफएओ) की ओर से प्यूर्टो रिको से ट्रैक्टर उपलब्ध कराने का एक प्रयास किया गया था, लेकिन निर्माताअमेरिकी प्रतिबंधों के जोखिम का सामना करने को तैयार नहीं हुआ और यह प्रयास विफल हो गया।मशीनरी, उर्वरक, कीटनाशक और उत्पादन बढ़ाने वाली तकनीकों तक पहुँच न होने के कारण, कृषि उपज (विशेषकर खाद्यान्नों) में 40 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आने की बात कही गई है।ग्रामीण क्षेत्रों का संकट हवाना की तुलना में कम गंभीर है। हवाना पर्यटन पर बहुत अधिक निर्भर है और नाकेबंदी के कारण वहाँ बड़ी संख्या में लोगों की आजीविका प्रभावित हुई है। इसके विपरीत, कृषि पर निर्भर ग्रामीण समुदायों में आय भले ही घट गई है, लेकिनशहरों की तुलना में दैनिक जीवन उतना अधिक बाधित नहीं हुआ है।
साम्राज्यवादी नाकेबंदी की मानवीय कीमत
क्यूबाई सरकार के अनुसार, नाकेबंदी के दो घंटे की क़ीमत (लगभग 14 लाख अमेरिकी डॉलर) उतनी राशि के बराबर है जितनी मानसिक, तंत्रिका और हृदय संबंधी बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाइयाँ तथा आनुवंशिकविकारों और अंतःस्रावी-चयापचय संबंधी बीमारियों से पीड़ित बच्चों के लिए भोजन खरीदने में लगती है।नाकेबंदी के 16 दिनों की क़ीमत (लगभग 33.9 करोड़ अमेरिकी डॉलर) देश की आवश्यक दवाइयों की राष्ट्रीय सूची की जरूरतों को पूरा करने के लिए आवश्यक धनराशि के बराबर है।नाकेबंदी के दो महीनों की क़ीमत (लगभग 1.6 अरब अमेरिकी डॉलर) इतनी है जितनी देश की सामान्य बिजली मांग पूरी करने के लिए आवश्यक ईंधन की लागत, या पूरे एक वर्ष तकआबादी को वितरित किए जाने वाले राशन वाले पारिवारिक खाद्य पैकेज को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक धनराशि।
बीन्स, चीनी, कॉफी, तेल, पाउडर दूध, सोया योगर्ट, मांस उत्पाद, चिकन, बीफ तथा घरेलू ईंधन—कोयला और प्राकृतिक गैस—जैसे उत्पादों की आपूर्ति बाधित है।चिकित्सकीय रूप से निर्धारित आहार, जो पुरानी बीमारियों से पीड़ित बच्चों और गर्भवती महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर दिया जाता है, भी प्रभावित हुआ है।अनुमान है कि क्यूबा को इस वर्ग के लोगों के लिए हर महीने लगभग 1,800 टन पाउडर दूधकी आवश्यकता होती है। अब पाउडर दूध और खाद्य सामग्री केवल शून्य से दो वर्ष की आयु के बच्चों के लिए उपलब्ध कराई जा रही है औरइस आयु से अधिक के बच्चों के लिए भी पाउडर दूध सुनिश्चित करना कठिन हो गया है।खाना पकाने के तेल की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी लगातारकठिन होता जा रहा है।1 मार्च 2024 से 28 फरवरी 2025 के बीच क्यूबाई सरकार के अनुमानों के अनुसार, नाकेबंदी के कारण क्यूबा को हुई भौतिक क्षति और आर्थिक नुकसान 7,556,100,000 अमेरिकी डॉलरतक पहुँच गया। यह पिछली अवधि की तुलना में 49 प्रतिशत की वृद्धिहै।
क्यूबा जीवित रहेगा; आइए क्यूबा का वो शुरक्षा कवच बनें जो तोड़ा न जा सके!
क्यूबा ने छह दशकों से अधिक समय तक आर्थिक नाकेबंदी और यहाँ तक किमानवीय सहायता रोकने जैसे अत्यंत कठोर प्रतिबंधों का सामना किया है।अमेरिकी साम्राज्यवाद द्वारा जानबूझकर पैदा की गई खाद्य और ईंधन की कमी स्पष्ट रूप से अशांति पैदाकरने और क्यूबाई सरकार को उखाड़ फेंकने की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रही है।क्यूबा की जीवनदायिनी नसों को काटने का प्रयास—बाहरी आय के सभी संभावित स्रोतों को बंद करना, पर्यटन को नुकसान पहुँचाना, यात्रा और परिवारों द्वारा भेजे जाने वाले धन के प्रवाह में बाधा डालना, संभावित निवेशकों को डराना तथा क्यूबा को सहायता से वंचित कर, अलग-थलग करना—अब तक सफल नहीं हुआ है।क्यूबा 1991 के बाद लगभग चार दशकों से सोवियत संघ की अनुपस्थिति के बावजूद जीवित रहा है। 1959 की क्रांति के बाद तीन दशकों तक सोवियत संघ उसकी मदद का एक प्रमुख आधार था।आज समाजवादी चीन और रूस क्यूबा की खाद्य और ईंधन आवश्यकताओं को पूरा करने के प्रयास कर रहे हैं।
हालाँकि, क्यूबाई जनता को टिकाए रखने वाली सबसे महत्वपूर्ण शक्ति उनकी राजनीतिक और वैचारिक स्पष्टता तथा वह समाजवादी राज्य है, जो प्रत्येक नागरिक को मौलिक अधिकार के रूप में भोजन, निःशुल्कशिक्षा और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा की गारंटी देता है।यही वह प्रमुख कारण है जिसके चलते, गंभीर कठिनाइयों के बावजूद, लोग सरकार के साथ मजबूती से खड़े हैं।फिदेल के नेतृत्व में हुई महान क्रांति ने क्यूबा के लोगों को यह दृढ़ता दी है कि उन्हें अपने औपनिवेशिक अतीत की गुलामी में वापस नहींधकेला जा सकता। जिंदा रहने की लड़ाई बिल्कुल आसान नहीं है, लेकिन हम इस दृढ़ विश्वास के साथ लौटे हैं कि क्यूबा अपने प्रतिरोध और दृढ़ता के साथ जीवित रहेगा।क्यूबा अकेला नहीं है!आइए हम वो शुरक्षा कवच बनें जिसे साम्राज्यवाद तोड़ न सके!अमेरिकी साम्राज्यवाद, क्यूबा से हाथ दूर रखो!