Magazine
खेतोँ को उजाड़, किसानों को बर्बाद करने की साजिशों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ेंगे किसान: तीन दिन चले उप्र किसानसभा के तीन दिवसीय राज्य सम्मेलन का आव्हान
कोसी कलां, मथुरा: देश के सबसे पुराने और सबसे बड़े किसान संगठन अखिल भारतीय किसान सभा से संबधित उत्तर प्रदेश किसान सभा का तीन दिवसीय राज्य सम्मेलन प्रदेश के किसानों को बर्बाद और खेतोँ को उजाड़ करने वाली केंद्र तथा राज्य सरकारों की विनाशकारी नीतियों के विरुद्ध स्वतंत्र और एकजुट संघर्ष तेज करने एवं नया नेतृत्व निर्वाचित करने के साथ संपन्न हो गया।
पहले दिन शानदार किसान रैली के साथ शुरू हुए सम्मेलन का उदघाटन एआईकेएस के राष्ट्रीय नेता, पूर्व विधायक पी कृष्णप्रसाद ने किया। समापन बिहार के वरिष्ठ किसान नेता, राष्ट्रीय संयुक्त सचिव अवधेश कुमार ने किया। एआईकेएस संयुक्त सचिव बादल सरोज ने भी प्रतिनिधि सत्र को संबोधित किया।
प्रदेश भर से आये प्रतिनिधियों ने तीन दिन तक अपने अपने जिलों के अनुभव सुनाये। किसानों को उनकी उपज के दाम लागत से भी कम मिलने, उपजाऊ जमीन को कौड़ियों के मोल पर किसानों से छीनकर कारपोरेट कम्पनियों को देने, बिजली कानून बनाकर ऊर्जा को आम किसान और जनता की पहुँच से बाहर करने, नया बीज कानून लाकर देश की खेती दुनिया की बहुराष्ट्रीय कम्पनियों की लूट का जरिया बनाने, बेरोजगारी की बाढ़ सी लाकर देश की नई पीढ़ी का भविष्य अन्धकारमय करने जैसी स्थिति पूरे उत्तर प्रदेश में बताई।

सम्मेलन ने डबल इंजन सरकार के असंवैधानिक बुलडोजर राज में अल्पसंख्यकों सहित दलितों, महिलाओं और आदिवासियों के भीषण उत्पीड़न, लोकतंत्र के हरण, बेलगाम नौकरशाहों की मनमानी, जबरदस्त भ्रष्टाचार की हालत पर भी रोष व्यक्त किया।
नवनिर्वाचित महामंत्री मुकुट सिंह ने सम्मेलन के आव्हानों को सूत्रबद्ध करते हुए बताया कि किसान सभा आने वाले दिनों में किसानों के ज्वलंत सवालों, कारपोरेटपरस्त, नवउदारवादी नीतियों, सांप्रदायिकता के खिलाफ मुद्दा आधारित अभियान तथा आंदोलन तेज किये जाएंगे। भूमि हड़प, बिजली निजीकरण स्मार्ट प्रीपेड मीटर, ग्रामीण क्षेत्र में बढ़ते पलायन और उसके मुख्य कारण बेरोजगारी, जंगल राज, महिलाओ, दलितों, गरीबों, मुसलमानो के उत्पीड़न सहित स्थानीय मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज किये जाएंगे।
मुकुट सिंह ने बताया कि हर गाँव में किसान सभा, किसान सभा में हर किसान के लक्ष्य लेकर किसान सभा आने वाले दिनों में अपनी स्वतंत्र गतिविधियों में तेजी और निखार लाते हुए संयुक्त कार्यवाहियों को भी हर तरह से आगे बढ़ाएगी।
सम्मेलन ने 75 सदस्यीय राज्य नेतृत्व में पदाधिकारियों के रूप में.बाबूराम यादव, अध्यक्ष,डॉ हीरा लाल यादव, भारत सिंह, इन्द्रदेव पाल, रुद्र प्रसाद मिश्रा.सभी उपाध्यक्ष, मुकुट सिंह महामंत्री,दिगंबर सिंह कोषाध्यक्ष, चंद्रपाल सिंह,साधु शरण,संतोष शाक्य, माया राम वर्मा संयुक्त मंत्रीगण. को निर्वाचित किया ।
सम्मेलन ने राज्य भर के प्रतिनिधियों की शानदार मेजबानी के लिए कोसीकलां और मथुरा के किसानों, व्यवसायियों तथा नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा लगन के साथ कई दिन तक जुटे रहे कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। सम्मेलन की अध्यक्षता भारत सिंह, डॉ हीरा लाल यादव, इन्द्रदेवपाल के अध्यक्ष मंडल ने की. स्वागत दिगम्बर सिंह ने किया.