Magazine
हरियाणा किसान सभा – 15वां राज्य सम्मेलन
अखिल भारतीय किसान सभा का 15वां हरियाणा राज्य सम्मेलन 4–5 अक्टूबर 2025 को विस्तार के संकल्प के साथ फतेहाबाद जिले के भट्टू में आयोजित किया गया। सम्मेलन की शुरुवात में एक विशाल जनसभा का आयोजन हुआ, जिसमें सभी जिलों से आए हजारों किसान कार्यकर्ताओं ने किसानों के मुद्दों पर एक मजबूत आंदोलन खड़ा करने का संकल्प लिया।
जनसभा को किसान सभा के राष्ट्रीय महासचिव वीजू कृष्णन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंदरजीत सिंह, सीटू के राज्य उपाध्यक्ष सुरेंद्र मलिक, खेत मजदूर यूनियन के राज्य नेता रामकुमार बहबलपुरिया, राजस्थान किसान सभा के नेता एवं पूर्व विधायक बलवान पूनिया, राज्य अध्यक्ष बलबीर सिंह और राज्य सचिव सुमित सिंह ने संबोधित किया।
यह सम्मेलन ऐसे समय में हुआ जब हरियाणा में बाढ़ और जलभराव के कारण लाखों एकड़ में खड़ी फसलें पूरी तरह नष्ट हो चुकी थीं। इसके बावजूद स्थानीय साथियों ने आर्थिक सहयोग जुटाने और हर तरह की सहायता प्रदान करने के लिए कड़ी मेहनत की, जिससे फतेहाबाद जिला कमिटी सम्मेलन को सफलतापूर्वक आयोजित कर सकी।

सम्मलेन का उद्घाटन भाषण वीजू कृष्णन ने दिया। इसके बाद विभिन्न जन एवं वर्ग संगठनों के नेताओं ने सम्मेलन को शुभकामनाएं दीं, जिनमें हरियाणा सर्व कर्मचारी संघ के महासचिव नरेश कुमार, रिटायर्ड कर्मचारी संघ के अध्यक्ष वजीर सिंह, जनवादी महिला समिति से शकुंतला जाखड़, डीवाईएफआई के राज्य सचिव मुकेश कुमार तथा ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन से राजविंदर चांदी शामिल थे।
राज्य सचिव सुमित सिंह ने संगठनात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत की। समूह चर्चाओं के बाद रिपोर्ट पर हुई बहस में 22 साथियों ने भाग लिया।
सम्मेलन में कई मुद्दों पर प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें गो-रक्षा की हिंसक राजनीति और गो-अर्थव्यवस्था, मुक्त व्यापार समझौते और टैरिफ युद्ध, हरियाणा में बाढ़ से हुए नुकसान के मुआवजा, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का अभिशाप होना, कृषि में रसायनों के बढ़ते उपयोग, जलवायु परिवर्तन का प्रभाव, बिजली के निजीकरण और स्मार्ट मीटर योजना, किसानों की कर्जमाफी, फिलिस्तीन और गाजा में हो रहे जनसंहार, तथा हरियाणा में जातिवाद और सांप्रदायिकता के खतरे शामिल हैं।
सम्मेलन में 15 जिलों से 218 प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें 15 महिलाएं थीं। क्रेडेंशियल समिति की रिपोर्ट के अनुसार प्रतिनिधियों में 1 की उम्र 30 वर्ष से कम, 39 की उम्र 31 से 50 वर्ष के बीच, 148 की उम्र 51 से 75 वर्ष के बीच, और 5 की उम्र 75 वर्ष से अधिक थी।
35 सदस्यीय नई राज्य समिति का चुनाव किया गया। समिति ने बलबीर सिंह को राज्य अध्यक्ष, सुमित दलाल को राज्य सचिव और राजेंद्र बट्टू को कोषाध्यक्ष चुना।
सम्मेलन का समापन किसान सभा के राष्ट्रीय वित्त सचिव पी. कृष्णप्रसाद की टिप्पणियों के साथ हुआ, जिन्होंने दो दिनों की चर्चाओं को सुनने के बाद संगठन और वर्ग एकता के महत्व पर जोर दिया। समापन भाषण राज्य अध्यक्ष बलबीर सिंह ने दिया ।