Magazine
पंजाब किसान सभा – 41वां राज्य सम्मेलन
अखिल भारतीय किसान सभा का 41वां पंजाब राज्य सम्मेलन 15–16 नवंबर 2025 को लुधियाना ज़िले में आयोजित किया गया। सम्मेलन में पंजाब के 20 ज़िलों से 181 पुरुष और 3 महिला प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
सम्मेलन के दोनों दिन ऐतिहासिक महत्व के रहे। 15 नवंबर 1875 में जन्मे महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती थी। 16 नवंबर 1915 में शहीद हुए वीर ग़दर आंदोलन के स्वतंत्रता सेनानी करतार सिंह सराभा, विष्णु गणेश पिंगले और उनके पाँच अन्य साथियों की 110वीं शहादत वर्षगांठ थी।
किसान सभा के राज्य अध्यक्ष रूप बसंत सिंह बराइच द्वारा संगठन का झंडा फहराया गया और इसके बाद किसान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अशोक ढ़वले सम्मेलन का उद्घाटन किया। किसान सभा के राज्य सचिव बलजीत सिंह ग्रेवाल द्वारा पिछले तीन वर्षों की कार्यरिपोर्ट प्रस्तुत की गई।

पंजाब में किसान सभा के नेतृत्व में अनेक संघर्ष किए गए हैं, जिनमें कुछ स्वतंत्र रूप से तथा कुछ संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के तहत आयोजित किए गए। पिछले तीन वर्षों में संगठन की सदस्यता में निरंतर वृद्धि हुई है— जो 90,705 से बढ़कर 1,18,080 और फिर 1,32,635 तक पहुँच गई है। पंजाब के विभिन्न ज़िलों से आए 20 प्रतिनिधियों ने रिपोर्ट पर चर्चा में भाग लिया। बहस और उत्तर के बाद रिपोर्ट को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
सम्मेलन में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए । इनमे इस वर्ष आई अभूतपूर्व बाढ़ से हुए भारी नुकसान के लिए 100 प्रतिशत मुआवज़ा देने , कंडी क्षेत्र में जंगली जानवरों और आवारा पशुओं की समस्या का समाधान करने , सीमा क्षेत्र में बाड़ के बाहर खेती करने वाले किसानों की समस्याओं का समाधान किये जाने, खराब मौसम के कारण धान की पैदावार में आई कमी के लिए प्रति क्विंटल 500 रुपये का मुआवज़ा देने, पराली जलाने से रोकने के लिए किसानों को प्रति एकड़ 3,000 रुपये की सहायता देने , 60 वर्ष की आयु के बाद प्रत्येक किसान और मज़दूर को 10,000 रुपये प्रतिमाह पेंशन देने, पंजाब में बढ़ते नशे के संकट के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, सभी स्तरों पर भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कदम उठाने, बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति को सुधारने के लिए ठोस उपाय अपनाने, पंजाब में हो रहे अवैध खनन पर सख्ती से रोक लगाने की मांगें शामिल हैं।
16 नवंबर को सभागार में ग़दर आंदोलन के शहीद करतार सिंह सराभा और अन्य शहीदों के चित्रों के समक्ष सभी प्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर डॉ. अशोक ढ़वले तथा किसान सभा राज्य उपाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सेखों ने इन और अन्य महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी तथा वर्तमान गंभीर राजनीतिक चुनौतियों के संदर्भ में उनकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
सम्मेलन द्वारा मेजर सिंह भिखीविंड को पंजाब किसान सभा का नया राज्य अध्यक्ष चुना गया। 64 सदस्यों की नई राज्य समिति का गठन किया गया। नई राज्य समिति ने बलजीत सिंह ग्रेवाल को पुनः राज्य सचिव चुना तथा सतनाम सिंह बराइच को नया राज्य कोषाध्यक्ष नियुक्त किया।
किसान सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंदरजीत सिंह ने सम्मेलन को संबोधित किया। राष्ट्रीय वित्त सचिव पी. कृष्णा प्रसाद ने समापन भाषण दिया।